हरियाणा के मंत्रियों की तेज रफ्तार !

आरटीआई से मिली जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर की गाड़ी हर दिन करीब 215 किमी चल रही है। पीडब्लूडी मंत्री राव नरबीर की गाड़ी का तो रोजाना का औसत 184 किमी ही है। इस लिहाज से वे राज्य के सबसे कम सफर करने वाले मंत्री हैं। मगर शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा की कार का रोजाना चलने का औसत 709 किमी है। पिछले सोलह महीनों में मंत्रियों में सबसे ज्यादा सफर शिक्षा मंत्री ने ही किया है। उनके पास दो गाड़ियां हैं जो पिछले लगभग डेढ़ साल में औसतन 709 किमी प्रतिदिन चली हैं। इस मामले में दूसरे नंबर पर कृष्ण लाल पंवार का है जिनकी गाड़ी 535 किमी रोजाना चलती है। तीसरे नंबर पर कर्णदेव कंबोज हैं जो रोज 519 किमी का सफर कर रहे हैं। जहां तक मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर की बात है तो उनके पास 5 गाड़ियां हैं। उनकी ये गाड़ियां प्रतिदिन औसतन 215 किमी चल रही हैं। पिछले सोलह महीनों में उन्होंने कुल 1.03 लाख किमी सफर तय किया है। ज्ञानचंद गुप्ता राज्य में भाजपा विधायक दल के मुख्य सचेतक हैं और उन्हें राज्य मंत्री का दर्जा मिला हुआ है। वे चंडीगढ़ के बिलकुल पड़ोस में पंचकुला से विधायक हैं, मगर उनकी गाड़ी भी 1.93 लाख किमी चल चुकी है। इस लिहाज से वे प्रतिदिन 403 किमी सफर कर रहे हैं। इसी तरह जन स्वास्थ्य राज्य मंत्री बनवारी लाल की तीन गाड़ियां 307 किमी, श्रम व रोजगार राज्य मंत्री नायब सैनी की कारें 560 किमी, राज्य मंत्री कृष्ण बेदी की 588 किमी और खाद्य व आपूर्ति राज्य मंत्री कर्ण देव कांबोज की कारें 573 किमी दौड़ रही हैं। सबसे कम सफर पीडब्ल्यूडी मंत्री राव नरबीर कर रहे हैं। उनके पास दो गाड़ियां हैं जो सोलह महीनों में 88635 किमी चली हैं जिसका औसत 184 किमी प्रतिदिन बनता है। उनके बाद वित्त मंत्रीकैप्टन अभिमन्यु हैं जिन्होंने औसतन हर दिन 317 किमी का सफर तय किया है। फिर कविता जैन का नंबर है जिनकी कार हर दिन 397 किमी चल रही हैं। इसके बाद नंबर है स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज का जिन्होंने पिछले सोलह महीनों में 2.06 लाख किमी का सफर किया। इसका औसत होता है 429 किमी प्रतिदिन। उद्योग मंत्री विपुल गोयल भी 448 किमी रोजना चल रहे हैं।