लाल किला मैदान में चलेगा 15 दिनों तक 'अंतर्राष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव





नई दिल्ली, 27 नवंबर। लाल किला मैदान में आयोजित की जा रही 15 दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव प्रदर्शनी' का शुभारंभ करनाल लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री संजय भाटिया व गीता मनीषी स्वामी श्री ज्ञानानंद जी महाराज ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
उदघाटन अवसर पर सांसद श्री संजय भाटिया ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि गीता महोत्सव को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित किए जाने में स्वामी श्री ज्ञानानंद जी महाराज की एक महत्ती भूमिका है।
सांसद ने कहा कि पवित्र गीता का ज्ञान सार्थक जीवन जीने की एक पद्धति है।सभी बच्चों को बाल्यकाल से ही गीता का ज्ञान ग्रहण करवाने की दिशा में कार्य किया जाए ताकि सभी कर्तव्यपरायणता के साथ अपने कार्य करें।
उदघाटन अवसर पर स्वामी श्री ज्ञानानंद जी महाराज ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि गीता महोत्सव के अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आयोजन से गीता दर्शन का प्रसार अब व्यापक होता जा रहा है। लाल किला के एतिहासिक मैदान में अंतर्राष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव प्रदर्शनी का आयोजन एक प्रशंसनीय प्रयास है।
उदघाटन के उपरांत सांसद श्री संजय भाटिया व श्री ज्ञानानंद जी महाराज ने 'अंतर्राष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव प्रदर्शनी' का अवलोकन किया और जनमानस से आह्वान किया कि वे गीता जयंती महोत्सव प्रदर्शनी को देखने के लिए अवश्य आएं और दूसरों को भी प्रेरित करें।
उल्लेखनीय है कि गत वर्षों की भांति इस बार भी 23 नवम्बर,2019 से 10 दिसंबर,2019 तक पवित्र 'गीता' की उद्गमस्थली 'कुरुक्षेत्र'(हरियाणा) में 'अंतर्राष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव-2019' आयोजित किया जा रहा है।
गत वर्ष भी लाल किला मैदान व इंडिया गेट पर 'अंतर्राष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव' का आयोजन किया गया था। इसी क्रम में इस बार भी लाल किला मैदान में 15 दिवसीय 'अंतर्राष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव प्रदर्शनी' आयोजित की जा रही है।
शुभारंभ अवसर पर कुरुक्षेत्र के उपायुक्त डाॅ एस एस फूलिया, कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के मानद सचिव श्री मदन मोहन छाबड़ा, कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी व सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के संयुक्त निदेशक श्री गगनदीप सिंह, पेहवा के उमंडलाधिकारी (नागरिक) डाॅ संजय कुमार व जादूगर सम्राट शंकर भी मौजूद रहे।