अखिलेश यादव बोल रहे हैं दंगा भड़काने वाली भाषा -बीजेपी

22 December, 2019, 7:13 pm

लखनऊ 22 दिसम्बर 2019, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने आज पार्टी प्रदेश मुख्यालय पर आयोजित पत्रकार वार्ता को सम्बोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी दोनों में अल्पसंख्यक वोट बैंक के लिए होड़ लगी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी देश की तथा समाजवादी पार्टी एवं बहुजन समाज पार्टी प्रदेश की सुरक्षा से खिलवाड़ कर रही है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि श्री अखिलेश यादव जी, आप पाकिस्तान की भड़काने वाली भाषा बोल रहे हैं। इससे यह स्पष्ट हो गया है कि आप की भाषा दंगा भड़काने वाली है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने बताया कि विपक्ष के द्वारा देश व प्रदेश में फैलाई जा रही अफवाह, भ्रम और झूठ की राजनीति का जवाब देने के लिए प्रदेश में जनता के बीच सीएए का सच बताने के लिए 26 दिसम्बर से 25 जनवरी 2020 तक पूरे प्रदेश में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से जनजागरण का अभियान शुरू करने जा रही है।
पार्टी मुख्यालय पर पत्रकारों से वार्ता करते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि सपा के सांसद, विधायक और नेताओं ने लोगों को भड़काया आगजनी और दंगे कराए। उन्होंने कहा कि सपा की संस्कृति ही अराजकता और गुडागर्दी की रही है। जब समाजवादी पार्टी सत्ता में रहती है तो मुजफ्फरनगर जैसा दंगा कराते हैं। दंगाइयों को हेलीकाप्टर से बुलाकर बिरयानी खिलाते हैं। आंतकियों को जेल से रिहा करने की योजना बनाते है और जब विपक्ष में रहती है तो लोगों को भड़काकर साजिश करके अमन में आग लगाते है। 
सपा प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा कानून व्यवस्था को लेकर उठाये सवालों पर पटवार करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि अखिलेश जी आपको याद रखना चाहिए कि राज्य में सत्ता बदल चुकी है और व्यवस्था भी बदल गई है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में पुलिस आम आदमी की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। लेकिन अराजको, गुण्डों और अपराधियों को मनमानी करने की छूट नहीं देगी। श्री स्वतंत्र देव सिंह जी ने सपा प्रमुख से सवाल करते हुए कहा कि अखिलेश जी आप मुस्लिमों को गुमराह क्यों करना चाहते है? कौन सी राजनीति है जिसके तहत आप पूरी कौम को बदनाम करना चाहते है उनके विकास की गति को रोकना चाहते है। जब बिल सदन में बहस के बाद पारित हुआ था। सदन में तो आप बहस से बचते रहे और अब सड़क पर दंगो की साजिश में आपके सांसद, विधायक और नेताओं की भूमिका सामने आ रही है। 
 सपा प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा लोकभवन को लेकर की गई टिप्पणी को हस्यास्पद बताते हुए श्री स्वतंत्र देव सिंह जी ने कहा कि अखिलेश जी लोकभवन सरकारी पैसे से बना है न कि समाजवादी पार्टी ने लोकभवन बनवाया है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव जी अभी भी सरकारी सुविधाओं का मोह नहीं छोड़ पा रहे है। उन्हें अभी भी मुख्यमंत्री आवास और कार्यालय की याद सता रही है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की प्रतिमा लोकभवन में लगाए जाने के लिए योगी सरकार के फैसले का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि श्रद्धेय अटल जी भारतीय राजनीति के अजातशत्रु थे उन्हें किसी दल से बांधना उचित नहीं है। 
सपा प्रमुख द्वारा लखीमपुर में धारा 144 के उल्लंघन  का जिक्र करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कानून का माखौल उड़ाना, कानून तोड़ना सपा की संस्कृति है। जब सपा प्रमुख ही कानून तोड़ना अपनी उपलब्धि मानते है तो उनके कार्यकर्ता तो उनका अनुसरण करेगें ही। उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का 25 दिसम्बर का कार्यक्रम सरकारी कार्यक्रम है जो कि एक हाॅल में हो रहा है। सुशासन दिवस पर हो रहे कार्यक्रम पर टिप्पणी करके अखिलेश जी क्या संदेश देना चाहते है।
राज्य में निवेश को लेकर उठाए गए सवालो पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि अखिलेश जी लगता है आप अपनी सरकार की फाइलें पढ रहे हैं। उन्होंने कहा कि योगी सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में 4.38 लाख करोड़ के निवेश के प्रस्ताव आए। जिसमें से 2 लाख करोड़ से अधिक प्रस्ताव जमीन  पर उतर चुके है और उनपर काम भी शुरू हो चुका है। उन्होने कहा कि सत्ता कंे अंहकार और पिता की मेहनत से विरासत में मिली कुर्सी पर बैठे अखिलेश जी को जमीनी हकीकत का पता नहीं है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव सहित समस्त विपक्षी दलों से अपील करते हुए कहा कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह लेकिन कोई भी राजनीतिक दल या सत्ता देश से बड़ी नहीं होती है। इसलिए अपना राजनीतिक हित साधने के लिए भ्रम व झूठ न फैलाए। एक कौंम को गुमराह मत करिए। उन्होंने कहा कि सी.ए.ए. के बाद से कई मुस्लिम धर्म गुरूओं, सूफी संतों व मुस्लिम समाज के गणमान्य जनों सहित अन्य लोगों से लगातार मेरी स्वयं की भेंट व संवाद हुआ सभी का यह कहना है कि सी.ए.ए. के हम समर्थन में है और कुछ विपक्षी दल अपने राजनीतिक हित साधने के लिए समाज को गुमराह कर रहे है।  
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश सरकार ने सुनियोजित साजिश से सपा, कांग्रेस तथा वामपंथियों के दंगा भड़काने की कुत्सित मंशा को विफल करके पूरे प्रदेश में शान्ति बहाल किया है। प्रदेश सरकार का यह निर्णय स्वागत योग्य है कि सार्वजनिक सम्पत्ति का जो नुकसान  हुआ है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जो खर्च आया है उसे उपद्रवी तत्वों से वसूला जाएगा। 
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून के माध्यम से प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत में शरण लेने वाले हिंदू, सिख, बौद्ध, जैन, ईसाई और पारसी लोगों के जीवन में आशा, विश्वास, सुरक्षा और आस्था का एक नया संचार हुआ है, साथ ही उन्हें गरिमापूर्ण जीवन जीने का भी अधिकार मिला है। हम चाहते हैं कि देश में नागरिकता संशोधन कानून को लेकर जो भ्रम और झूठ फैलाया जा रहा है, वह दूर हो और धीरे-धीरे यह भ्रम टूट भी रहा है और जनता को सच्चाई का पता भी चल रहा है।
उन्होंने बताया कि नागरिकता संशोधन अधिनियम 2019 को लेकर पार्टी पूरे प्रदेश में जनजागरण अभियान चलाएगी। अभियान के तहत 26 दिसम्बर से 25 जनवरी 2020 तक पूरे प्रदेश में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। अभियान के तहत सामाजिक संपर्क अभियान, संवाद, गोष्ठियां व कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा साथ ही मीडिया व सोशल मीडिया के माध्यम से भी हम नागरिकता संशोधन अधिनियम 2019 के बारे में जनता के बीच जनजागरण अभियान चलाएगंे। इस पूरे अभियान के योजना रचना के लिए 24 दिसम्बर को पार्टी के राज्य मुख्यालय पर एक कार्यशाला आयोजित की जाएगी।