सरयू तट पर विराट “अयोध्या की रामलीला“ मंचन के साक्षी बने, आदेश गुप्ता

20 October, 2020, 4:34 pm

नई दिल्ली, 20 अक्टूबर। नवरात्र के दौरान अयोध्या में श्री राम मंदिर निर्माण की गतिविधियां और तेज हो गई हैं। आज प्रातः काल में दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने अयोध्या के हनुमान गढ़ी मंदिर में पूजा-अर्चना की और विराजमान श्री राम लला की आरती की और देश में शांति और सद्भभाव के लिए प्रार्थना की, साथ ही कोरोना काल में पूरे दुनिया के लोगों के लिए जल्द स्वस्थ होने के लिए कामना की। इससे पूर्व सोमवार की संध्या में आदेश गुप्ता सरयू तट पर हो रहे विराट “अयोध्या की रामलीला“ मंचन के साक्षी बने, रामलीला में सीता जी का भव्य स्वयंवर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। तत्पश्चात श्री राम जन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव व विश्व हिंदू परिषद के अंतर्राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चंपत राय के साथ अहम चर्चा की गई। इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद के अंतर्राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष आलोक कुमार, दिल्ली भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा एवं प्रदेश मीडिया प्रमुख नवीन कुमार उपस्थित रहे।  

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि यह मेरा सौभाग्य है कि श्री राम मंदिर निर्माण की नींव पड़ने के बाद मुझे श्री राम लला के दर्शन का अवसर प्राप्त हुआ। 500 वर्षों के संघर्ष के बाद श्री राम मंदिर निर्माण कारसेवकों के त्याग, सेवा, समर्पण, धैर्य का ऐतिहासिक परिणाम है। श्री राम मंदिर निर्माण का सपना पूरा होता देखकर सुख की अनुभूति हो रही है। 

आदेश गुप्ता ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का रामलीला के मंचन के लिए समय रहते अनुमति देने पर आभार व्यक्त किया साथ ही दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को योगी सरकार से शिक्षा लेने की सलाह दी कि बहुसंख्यक समाज का सम्मान कैसे किया जाता है। उन्होंने कहा कि करोना के चलते इस बार रामलीला के मंचन देखने से जनता वंचित रह गयी लेकिन दूरदर्शन पर रामलीला मंचन लाइव देखा जा सकता है। उन्होंने मोदी सरकार और केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर का रामलीला का मंचन दूरदर्शन पर लाईव दिखाने पर जनता की ओर से धन्यवाद दिया। 

इस अवसर पर श्री राम जन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव व विश्व हिंदू परिषद के अंतर्राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चंपत राय ने श्री राम मंदिर निर्माण के बारे में विस्तृत जानकारी दी और बताया कि यहां सौ-सौ फीट गहराई वाले 1200 खंभों का निर्माण किया जाएगा और उसके ऊपर पांच फीट कंक्रीट की चादर लगेगी जिसके ऊपर श्री राम मंदिर का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अगले 4 वर्षों के अंदर ही श्री राम मंदिर का निर्माण पूरा हो जाएगा। मंदिर के निर्माण में सहयोग देने के लिए देश भर से बड़े-बड़े नामचीन इंजीनियर और वैज्ञानिक अपनी नौकरियां छोड़कर, स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेकर सेवा भाव से अयोध्या पहुंचे हुए हैं और अपना योगदान करने के लिए बेकरार हैं। विश्व हिंदू परिषद भी सेवा भाव से खुद को समर्पित करने वाले ऐसे इंजीनियरों और वैज्ञानिकों की सेवाएं लेने के लिए योजना तैयार कर रहा है।