भाजपा कार्यालय में मनाई गई संत रविदास जयंती समारोह

28 February, 2021, 4:50 am

नई दिल्ली, 27 फरवरी। भारतीय जनता पार्टी अनूसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री लाल सिंह आर्या ने कहा कि संत शिरोमणि रविदास सहित देश के सभी संतों ने समाज में एकता और समरसता के जो संदेश दिये हैं, प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने उन्हीं के आदर्शों के अनुरुप सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास को अपनी कार्यशैली के मूलमंत्र के तौर पर अपना लिया है। 

प्रदेश भाजपा कार्यालय में संत रविदास की 644वीं जयंती के अवसर पर आयोजित समारोह में श्री आर्या ने कहा कि आज लोग राजनीति, समाज, धर्म की परिभाषा को अपने अनुरुप करने के लिए अपना मार्ग और विचार बदल लेते हैं, लेकिन संतों ने अपने सभी तरह के प्रलोभनों और प्रताड़नाओं के बावजूद अपने सिद्धांतों एवं मार्ग को नहीं बदला। 

प्रदेश अध्यक्ष श्री आदेश गुप्ता ने कहा कि जिस तरह से संत रविदास ने फकीरी में जीवन जीते हुए कृतित्व और व्यक्तित्व को जिस तरह से निखारते हुए ईश्वर की आराधना की, वह आज भी सभी के लिए मिसाल है। उन्होंने कहा कि संत भारतीय समाज को हमेशा से प्रेरित करते रहे हैं। संत रविदास ने जाति के भेदभाव और छुआ-छुत को रोकने के लिए जो रास्ता दिखाया था, वह आज भी हमें प्रेरणा देता है। उनका मूलमंत्र कर्म था और उसी के अनुरुप हमें किसी को छोटा या बड़ा उसकी जाति से नहीं कर्म से मानना चाहिए और प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी भी संत रविदास के आदर्शों के अनुरुप समाज में समरसता के लिए काम कर रहे हैं।  

पूर्व केन्द्रीय मंत्री श्री सत्यनारायण जटिया ने कहा कि भाजपा हमेशा से सभी संतों का सम्मान देने और उनके आदर्शों को अपनाने के लिए प्रेरित करती है। संत रविदास का सारा जीवन हमेशा जन कल्याण में बीता और आज राजनीति में भी हमारा मूल आधार समाज के हर वर्ग का कल्याण ही होना चाहिए। सम्मेलन में प्रदेश उपाध्यक्ष श्री कर्म सिंह कर्मा, प्रदेश मंत्री श्रीमती सुनीता कांगड़ा, प्रदेश अनुसूचित जाति मोर्चा के अध्यक्ष श्री भूपेन्द्र गोठवाल और अनुसूचित जाति मोर्चा पदाधिकारी उपस्थित थे।