पूर्वी दिल्ली नगर निगम ने पूरे क्षेत्र में सैनेटाइजेशन अभियान चलाया और बांटा भोजन

23 April, 2021, 10:54 pm

नई दिल्ली, 23 अप्रैल। प्रदेश भाजपा महामंत्री श्री हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि आज पूर्वी दिल्ली नगर निगम द्वारा पूरे क्षेत्र में एक विशेष अभियान के तहत सैनेटाइजेशन और सफाई अभियान चलाया गया। पूर्वी दिल्ली नगर निगम के महापौर श्री निर्मल जैन के नेतृत्व में निगम पूरी तत्परता से राहत और सफाई कार्य में लगा हुआ है। श्री मल्होत्रा ने कहा कि चाहे वह अस्पतालों में अलग बेड की व्यवस्था करने की बात हो, होम आइसोलेशन में रह रहे लोगों को दवाइयां और भोजन पहुँचाने या सुझाव देने की बात हो, निगम हर तरह से दिल्ली की जनता की सेवा में लगा हुआ है। इसके अलावा प्रदेश उपाध्यक्ष श्री सुनील यादव के नेतृत्व में 21 डॉक्टरों की टीम कोरोना मरीजों की सेवा में काम कर रही हैं, उन्होंने भी आज सैकड़ों फोन कॉल के सहारे होम आइसोलेट हुए लोगों को उचित सलाह दी।

श्री हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि आज पूर्वी दिल्ली नगर निगम द्वारा क्षेत्र में सैनेटाइजेशन कार्य, सफाई कार्य के साथ-साथ भोजन बंटवाने का भी कार्य किया गया। उन्होंने कहा कि इस महामारी में हम सबको आगे आकर असहाय और कोरोना मरीजों की सहायता करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि इस समय से अपनी जिम्मेदारियों से भागना सबसे बड़ी कायरता है। केजरीवाल सरकार को इस समय खुद का विज्ञापन छोड़ कर काम पर ध्यान देना चाहिए ताकि किसी तरह की कोई समस्या न हो और सरकार चाहे तो तीनों निगम भी हर हाल में मदद करने को तैयार है।

श्री हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि निगम कोरोना के मद्देनजर सभी आवश्यक कदम उठा रही है, लेकिन इस समय आम जन का सहयोग मिलना सबसे जरूरी है। उन्होंने दिल्ली की जनता से अनुरोध किया कि मास्क पहने, सामाजिक दूरी का पालन करने व बार-बार हाथ धोने और सरकार द्वारा समय-समय पर जारी दिशा निर्देशों का पालन करें। जब ज्यादा जरूरी हो तभी घर से निकले बाकी दिल्ली नगर निगम आपकी सेवा में लगी हुई है और इस कोरोना को हराने में हम जरूर कामयाब होंगे।