प्रदेश भाजपा द्वारा आर के पुरम में राशन किट का किया गया वितरण

23 May, 2021, 9:42 pm

नई दिल्ली, 23 मई। प्रदेश भाजपा द्वारा पिछले 37 दिनों से “सेवा ही संगठन“ के अंतर्गत चलाए जा रहे अभियान में आज प्रदेश भाजपा अध्यक्ष  आदेश गुप्ता ने आर के पुरम में राशन वितरण किया।  आदेश गुप्ता ने कहा कि राशन वितरण के तहत 5 किलो चावल, 5 किलों गेहूं, दाल, चना, सरसो तेल, चीनी, चायपत्ती, मसाले, नहाने और कपड़ा धोने वाला साबुन, हैंड वाश के अलावा एन-95 मास्क लोगों में वितरित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद परिवारों के साथ भाजपा पूरी श्रद्धा के साथ खड़ी है और किसी तरह की समस्या को तुरंत समाधान करने की पूरी कोशिश की जा रही है। 

 आदेश गुप्ता ने कहा कि दिल्ली के उन गरीबों को जो इस महामारी के बाद लगे लॉक डाउन से परेशान हैं और जिनके सामने भूख का संकट उत्पन्न हो गया है दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के भरोसे नहीं छोड़ा जा सकता। इसीलिए भारतीय जनता पार्टी दिल्ली प्रदेश ने सेवा ही संगठन अभियान के तहत जरूरतमंदों की हर स्तर पर मदद करने के लिए यह कदम उठाया है जिसके तहत गरीब परिवारों को सूखा राशन देने और फल वितरण की पहल जरूरतमंदों को राहत देने के लिए पार्टी प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि बीते वर्ष महामारी के प्रकोप के दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने केंद्र सरकार की ओर से जरूरतमंदों को मुफ्त राशन देने की योजना के तहत पूरे 1 वर्ष दिल्ली को राशन मुहैया कराया था, लेकिन दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार की वितरण प्रणाली में बड़ी खामियों के चलते कई लोगों को इसका लाभ नहीं मिल सका था या दिल्ली सरकार द्वारा जानबूझकर जरूरतमंदों को समय पर राशन नहीं पहुंचाया गया।