लुधियाना डिस्ट्रिक्ट कोर्ट परिसर में विस्फोट, एक की मौत

23 December, 2021, 4:32 pm

लुधियाना। पंजाब राज्य के लुधियाना शहर में बृहस्पतिवार को जिला अदालत (डिस्ट्रिक्ट कोर्ट) परिसर में हुए विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत हो गई। इस घटना में  तीन लोग घायल हो गए। पुलिस के अनुसार कोर्ट की दूसरी मंजिल पर बने शौचालय में विस्फोट हुआ। उस समय जिला अदालत की कार्यवाही चल रही थी। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि परिसर की एक दीवार क्षतिग्रस्त हो गई। पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा, ‘जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहे हैं, कुछ राष्ट्र विरोधी तथा राज्य विरोधी ताकतें इस तरह के घिनौने कृत्यों को अंजाम देने की कोशिश कर रही हैं....इसको लेकर सरकार सतर्क है और लोगों को भी सतर्क रहना चाहिए।' चन्नी ने कहा कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। लुधियाना के पुलिस आयुक्त गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने कहा कि इलाके को सील कर दिया गया है और फोरेंसिक टीम विस्फोट जांच के लिए स्थल से नमूने एकत्र करेगी। प्राथमिक जांच से जुड़े एक सवाल पर भुल्लर ने कहा कि अभी कुछ भी कहना मुश्किल है। जांच जारी है। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने ट्वीट किया, ‘लुधियाना अदालत परिसर में विस्फोट की विचलित करने वाली खबर। हताहत हुए लोगों के बारे में जानकर दुख हुआ। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। पंजाब पुलिस को इसकी तह तक जाना चाहिए।'' शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने कहा, ‘लुधियाना की जिला अदालत में विस्फोट की खबर से स्तब्ध हूं, जिसमें कुछ लोग हताहत हुए हैं। गुरु साहिब दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और घायलों को शीघ्र स्वस्थ करें। पंजाब सरकार को राज्य में शांति और सांप्रदायिक सद्भाव सुनिश्चित करने के लिए राजनीतिक प्रतिशोध के बजाय कानून और व्यवस्था पर ध्यान देना चाहिए।' दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया, ‘पहले बेअदबी, अब विस्फोट। कुछ लोग पंजाब की शांति भंग करना चाहते हैं। पंजाब के तीन करोड़ लोग उनकी साजिशों को सफल नहीं होने देंगे।'