वीकएंड पर जा रहे थे मस्ती करने, नाव में आग लगी और 40 जिंदा जल गए
ढाका : दक्षिणी बांग्लादेश में शुक्रवार तड़के सुगंधा नदी में खौफनाक हादसा हुआ। इंटरनेट पर चल रहीं खबरों के मुताबिक यहां तीन मंजिला नाव में आग लगने से 40 लोगों की मौत हो गई और 150 से ज्यादा लोग झुलस गए। बताया जा रहा है कि नौका में करीब 800 लोग सवार थे। बताया गया कि यह नाव ढाका से बारगुना जा रही थी। एमवी अभिजन-10 के इंजन कक्ष में स्थानीय समयानुसार शुक्रवार तड़के तीन बजे आग लग गई। कई यात्री अब भी लापता हैं। एक पुलिस अधिकारी के बयान के हवाले से कहा गया है, ‘आग लगने के समय कई यात्री सो रहे थे। धुआं के कारण दम घुटने, झुलसने और डूबने से कई यात्रियों की मौत हुई।' प्रत्यक्षदर्शियों ने संवाददाताओं को बताया कि नाव में क्षमता से अधिक यात्री सवार थे और अधिकतर लोग अपने परिवारों के साथ छुट्टियां मनाने के लिए घर जा रहे थे। अधिकारियों ने आग के कारणों का पता लगाने के लिए जांच के आदेश दिए हैं। घायलों की बड़ी संख्या के कारण बचावकर्मियों को आशंका है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। नौका में आग लगने के बाद लोग जान बचाने के लिए नदी में कूद गए। इस दर्दनाक हादसे पर देश-विदेश के तमाम लोगों ने गहरा दुख प्रकट किया है।