अमरेंद्र की पार्टी के साथ भाजपा और शिअद (संयुक्त) मिलकर जारी करेंगे घोषणापत्र
नई दिल्ली (ब्रॉडकॉस्ट मंत्रा ब्यूरो) : चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में करारी शिकस्त मिलने वाले दिन पंजाब की राजनीति के लिए भाजपा का नया एलान सामने आया है। आम आदमी पार्टी (आप) और कांग्रेस से कड़ी टक्कर की संभावना जताए जा रहे राज्य पंजाब के लिए भाजपा ने घोषणा की है। स्पष्ट किया गया है कि पंजाब में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अमरेंद्र सिंह की पंजाब लोक कांग्रेस और सुखदेव सिंह ढींडसा के शिरोमणि अकाली दल (शिअद) (संयुक्त) के साथ मिल कर गठबंधन के तहत विधानसभा चुनाव लड़ेगी और तीनों दल एक संयुक्त घोषणा पत्र जारी करेंगे। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र शेखावत ने इस आशय की जानकारी दी। यहां उल्लेखनीय है कि इससे पहले अमरेंद्र सिंह और राज्यसभा सदस्य ढींडसा ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आवास पर उनसे मुलाकात की। इस मुलाकात में शाह के अलावा भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत कई शीर्ष नेता मौजूद रहे। बाद में शेखावत ने कहा, ‘केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा, अमरेंद्र सिंह और सुखदेव सिंह ढींडसा ने यहां एक बैठक की और यह फैसला किया गया कि भाजपा, सिंह की पार्टी और ढींडसा की पार्टी पंजाब में मिलकर विधानसभा चुनाव लडेंगी।' पंजाब में भाजपा के चुनाव प्रभारी शेखावत ने कहा कि सीट के बंटवारे संबंधी समझौते को अंतिम रूप देने के लिए एक संयुक्त समिति का गठन किया जाएगा, जिसमें हर दल के दो नेता शामिल होंगे। पंजाब में इस बार मुकाबला बहुकोणीय है। कांग्रेस, शिअद और आम आदमी पार्टी के अलावा विभिन्न किसान संगठन भी चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी में हैं। अमरेंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री के पद से इस्तीफा देने और कांग्रेस छोड़ने के कुछ दिन बाद अपने अलग दल ‘पंजाब लोक कांग्रेस' का गठन किया है। इससे पहले, भाजपा के सबसे पुराने सहयोगी दलों में शामिल शिअद तीन केंद्रीय कृषि कानूनों के मुद्दे को लेकर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन से अलग हो गया था। अब देखना होगा कि इस बहुकोणीय मुकाबले में ऊंट किस करवट बदलता है और आखिर सरकार किसकी बनती है।