पंजाब चुनाव से ठीक पहले चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में आप का जलवा

27 December, 2021, 4:43 pm

चंडीगढ़ : पंजाब समेत पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों से ठीक पहले चंडीगढ़ नगर निगम में आम आदमी पार्टी (आप) ने शानदार प्रदर्शन किया। आप का जलवा ऐसा चला कि वह यहां सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभर गई है। आप ने धमाकेदार एंट्री के साथ 35 सीटों में से 14 पर कब्जा कर लिया। वहीं अब तक निगम में काबिज रही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 12 और कांग्रेस 8 सीटें ही जीत पाई। इसके अलावा अकाली दल के खाते में एक सीट गयी। अहम बात यह है कि वार्ड नंबर 17 में आप नेता दमनप्रीत सिंह ने 828 वोटों से भाजपा के मेयर रविकांत शर्मा को हरा दिया। यही नहीं पूर्व मेयर एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता देवेश मोदगिल भी अपनी सीट हार गए। विभिन्न वार्डों के नतीजे
वार्ड नंबर 1 पर आप की जसविंदर कौर विजयी रहीं। वार्ड 2 पर भाजपा के महेश इंद्र सिद्धू, वार्ड 3 पर भाजपा के दलीप शर्मा, 4 पर आप की सुमन देवी, वार्ड 5 पर कांग्रेस की दर्शना देवी वार्ड 6 पर भाजपा की सरबजीत कौर, वार्ड 7 पर भाजपा के मनोज सोनकर, वार्ड 8 पर भाजपा के हरजीत सिंह, वार्ड 9 पर भाजपा की बिमला दुबे, वार्ड 10 पर कांग्रेस की हरप्रीत कौर बबला, वार्ड 11 पर भाजपा के अनूप गुप्ता, वार्ड 12 पर भाजपा के सौरभ जोशी, वार्ड 13 पर कांग्रेस के सचिन गालव, वार्ड 14 पर भाजपा के कुलजीत सिंह संधू, वार्ड 15 पर आप के रामचंद्र यादव, वार्ड 16 से आप की पूनम, वार्ड 17 से आप के - दमनप्रीत सिंह, वार्ड 18 से आप की तरुणा मेहता, वार्ड 19 से आप की नेहा, वार्ड 20 से कांग्रेस के गुरचरण सिंह काला, वार्ड 21 से आप के जसबीर सिंह, वार्ड 22 से आप की अंजू कत्याल, वार्ड 23 से आप की प्रेमलता, वार्ड 24 से कांग्रेस के जसबीर सिंह, वार्ड 25 से आप के योगेश ढींगरा, वार्ड 26 से आप के कुलदीप कुमार, वार्ड 27 से कांग्रेस के गुरबख्श सिंह, वार्ड 28 से कांग्रेस की निर्मला देवी, वार्ड 29 से आप के मुन्नवर राणा, वार्ड 30 से शिरोमणि अकाली दल के हरदीप सिंह, वार्ड 31 से आप के लखवीर सिंह बिल्लू, वार्ड 32 से  भाजपा के जसमनप्रीत सिंह बब्बर, वार्ड 33 से भाजपा के कंवरप्रीत सिंह वार्ड 34 से कांग्रेस के गुरप्रीत सिंह, वार्ड 35 से भाजपा के रविंद्र कुमार शर्मा विजयी रहे। 
यह जीत पंजाब में बदलाव के संकेत
चंडीगढ़ नगर निगम में बेहतरीन प्रदर्शन पर आम आदमी पार्टी के मुखिया एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने खुशी जाहिर की है। उन्होंने ट्वीट किया, 'चंडीगढ़ नगर निगम में आम आदमी पार्टी की ये जीत पंजाब में आने वाले बदलाव का संकेत है। चंडीगढ़ के लोगों ने आज भ्रष्ट राजनीति को नकारते हुए आप की ईमानदार राजनीति को चुना है। आप के सभी विजयी उम्मीदवारों एवं सभी कार्यकर्ताओं को बहुत-बहुत बधाई। इस बार पंजाब बदलाव के लिए तैयार है।'