पंजाब के लिए एनडीए ने जारी की सूची, 65 सीटों पर लड़ेगी बीजेपी
नयी दिल्ली/चंडीगढ़ : अकाली दल के अलग हो जाने के बाद पहली बार बृहद तौर पर चुनावी पिच पर बैटिंग करने उतरी भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने एलान किया है कि पंजाब में चुनाव लड़ रहा उनका गठबंधन एनडीए का ही हिस्सा है।
इसी बीच, आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव में बीजेपी 65 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। कांग्रेस से अलग हुए पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के नेतृत्व वाली पंजाब लोक कांग्रेस 37 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। इसके अलावा पूर्व केंद्रीय मंत्री सुखदेव सिंह ढींढसा नीत शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) 15 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने यह घोषणा की। पार्टी मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में नड्डा ने बताया कि चुनाव में पंजाब लोक कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) के साथ गठबंधन किया गया है। पंजाब की 117 विधानसभा सीट के लिए 20 फरवरी को मतदान होना है। उल्लेखनीय है कि भाजपा ने शुक्रवार को पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए 34 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी। पार्टी की इस सूची में किसान परिवारों के 12 नेताओं, 13 सिखों और आठ दलितों को टिकट दिया गया था। अमरिंदर सिंह ने भी 22 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की है, जिसमें भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान अजितपाल सिंह को नकोदर से प्रत्याशी बनाया गया है। अमरिंदर खुद पटियाला शहर सीट से चुनाव लड़ेंगे। पंजाब में इस बार त्रिकोणीय मुकाबला दिख रहा है।