उत्तराखंड की होली स्विटजरलैंड में

22 March, 2022, 5:15 pm

नयी दिल्ली : कोरोना काल में भले ही दुनियाभर में आवाजाही कम हुई, लेकिन इस बार की होली की रंगत कुछ और रही। कई देशों में अब भी इसके कार्यक्रम चल रहे हैं। जैसा कि भारत के कई राज्यों में होली के कई दिनों बाद तक भी होली मिलन कार्यक्रम चलता रहता है, उसी तरह स्विटजरलैंड में भी होली मिलन कार्यक्रम जारी हैं। यहां की उत्तराखंडी असोसिएशन ऑफ़ स्विट्ज़रलैंड ने इस होली मिलन समारोह का आयोजन किया है। कार्यक्रम से जुड़े लोगों का कहना है कि होली मिलन कार्यक्रम जैसे अनेक आयोजनों को इस उद्देश्य से किया जाता है कि पहाड़ के अप्रवासी बंधुजनों को आपस में मेल-मिलाप के जरिये न केवल भारतीय होने के अहसास को महसूस किया ज़ाया, बल्कि पहाड़ी मिट्टी की गंध भी देश से इतर फैलायी जाए। पहाड़ी खाने की महक के साथ साथ पहाड़ी लोक संगीत भी इन वादियों में फैले। आयोजकों ने बताया कि इस कार्यक्रम के संचालाक विनोद बिष्ट के विशेष प्रयास से इस साल से इस तरह का विशेष पहाड़ी समारोह आरंभ होगा। पिछले साल दिवाली समारोह के आयोजन से उत्साही लोगों ने आगामी 26 मार्च को स्विट्जरलैंड की वादियों में उत्तराखंड की होली के जरिये अपने वादियों को याद किया है। गौर हो कि उत्तराखंड के अनेक लोग देश-विदेशों में रहते हैं। स्विट्जरलैंड भी उनमें से एक ऐसा देश है जहां अनेक प्रवासी उत्तराखंडी रहते हैं। ये लोग अपने लोक संस्कृति को जिंदा रखने में भी नित लगे रहते हैं। होली का यह कार्यक्रम इसी कड़ी का एक हिस्सा है।