जैन समाज शांतिपूर्ण तरीके से रहने और आगे बढ़ने में विश्वास रखता है-आदेश गुप्ता

14 April, 2022, 10:10 pm


नई दिल्ली, 14 अप्रैल। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष  आदेश गुप्ता ने कहा कि आज हम जब जैन मुनियों को सुनते हैं तो हमें बहुत प्रेरणा मिलती है क्योंकि वह राष्ट्रवाद की बात करते हैं, वह देश में स्वदेशी की बात करते हैं, वह देश के अंदर अधर्मी एवं देश को तोड़ने वालों के खिलाफ युवा पीढ़ी को जगाने का काम करते हैं। इसलिए उन सभी जैन मुनियों का हमें आभार व्यक्त करना चाहिए। आज जैन एक धर्म ही नहीं बल्कि एक जीवन पद्धती बन गई है। उन्होंने कहा कि आज जैन अहिंसा, सत्य, अस्ते, अनाशक्ति, ब्रम्हाचर्य इत्यादि एक जीवन पद्धती है और वही समाज की युवा पीढ़ी के लिए आज की जरुरत है।

आज प्रदेश कार्यालय में महावीर स्वामी जन्म कल्याणक महोत्सव के अवसर पर प्रदेश संगठन महामंत्री  सिद्धार्थन की उपस्थिति में भगवान महावीर को याद करते हुए श्री आदेश गुप्ता ने कहा कि भगवान महावीर का संपूर्ण जीवन सत्य एवं अहिंसा के मार्ग पर चलने एवं प्राणी मात्र की सेवा के लिए प्रेरित करता है। उनके पांच सिद्धांतों को अपनाए बिना आप देश के अंदर तरक्की नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि आज जैन समाज देश के किसी भी कोने में हैं वह प्रभावी रुप से अपना प्रभाव समाज के लोगों के ऊपर डालता है और इसका ताजा उदाहरण गुजरात हैं जहां जैन समाज के लोगों की संख्या अधिक है और उनसे प्रभावित होकर कई लोग के अंदर भी परिवर्तन आया है।  

आदेश गुप्ता ने कहा कि जैन समाज के लोग आज सच्चाई, ईमानदारी एवं परिश्रम के साथ अपना काम एवं व्यवसाय कर रहे हैं। जैन समाज शांतिपूर्ण तरीके से रहने एवं आगे बढ़ने में विश्वास रखता है। उन्होंने कहा कि जैन समाज का हमेशा से यह मानना रहा है कि क्रोध को शांति से, दुष्ट को साधुता से, कृपण को दान से एवं असत्य को सत्य से जीता जा सकता है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी भी आज भगवान महावीर के उद्देश्यों एवं उनके कामों को सही रुप से प्रतिपादित करने एवं उसे आगे ले जाने का काम कर रहे हैं।