सरकार ने एमपीएचडब्लू पर भी की कार्रवाई शुरू, एस्मा के तहत पानीपत में 33, यमुनानगर में 3 कर्मचारी अरेस्ट

8 September, 2018, 11:12 am

हरियाणा, 8 सितंबर: पिछले 11 दिन से हड़ताल कर रहे बहुउद्देश्यीय स्वास्थ्य कर्मचारियों (एमपीएचडब्लू) पर सरकार ने कार्रवाई शुरू कर दी है। शुक्रवार को यमुनानगर में एस्मा के तहत 3 कर्मचारियों को अरेस्ट कर लिया गया। वहीं पानीपत में 33 कर्मचारी अरेस्ट किए गए हैं। बता दें कि ये कर्मचारी 27 अगस्त से हड़ताल पर हैं। 

बरसात का सीजन है और इसमें डेंगू, मलेरिया आदि के मामले लगातार सामने आते हैं। बच्चों के टीकाकरण का भी यही समय होता है। ऐसे में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में गर्भवती महिलाओं और बच्चों से जुड़ी सभी सेवाएं बाधित हो गई हैं। 

स्वास्थ्य कर्मचारियों को तकनीकी घोषित करना। बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कर्मचारियों को सातवें वेतन आयोग की टेबल नंबर छह में रखना। एनएचएम परियोजना के अंतर्गत कार्यरत बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कर्मचारी महिला को रेगुलेशन एक्ट के तहत 2 वर्ष की सेवाकाल के बाद पक्का करना। कर्मचारियों को टेक्नीकल घोषित किया जाए। 4200 रुपये पे ग्रेड किया जाए। एमपीएचएस व एमपीएचडब्ल्यू का एफटीए 200 व 1000 रुपए करने आदि मांगें हैं। 

 अम्बाला : जिले में 4 सीएचसी और 18 पीएचसी के अंतर्गत आने वाले 104 सब सेंटर पर कार्यरत 228 स्वास्थ्य कर्मचारी हड़ताल पर हैं। 
- कुरुक्षेत्र : 157 कर्मचारी हड़ताल पर हैं। जिला अस्पताल में रोजाना करीब 1800 मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। 
- जींद : सिविल सर्जन डा. संजय दहिया ने सरकार द्वारा लागू किए गए एस्मा कानून के उल्लंघन पर 167 एमपीएचडब्लयू हड़ताली कर्मचारियों की सूची कार्रवाई के लिए डीसी व एसपी को सौंपी है। 
- सिरसा : करीब 70 बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कर्मचारी 11 दिन से हड़ताल पर हैं। गुरुवार को 26 हड़ताली कर्मचारियों पर एस्मा के तहत मामला दर्ज किया है। 
- चरखी दादरी : यूनियन पदाधिकारियों का कहना है कि एमपीएचडब्ल्यू कर्मचारियों की मांगों को 2015 में मान लिया गया था। नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया गया था। इसके बाद 35 बार मीटिंग हो चुकी है लेकिन आगे की कार्रवाई न होने के कारण हड़ताल का फैसला लिया गया। यहां 200 कर्मचारी हड़ताल पर हैं। 
- कैथल : कुल 305 कर्मचारी हैं, इनमें से 287 कर्मी 11 दिन से हड़ताल में शामिल हैं। इससे 143 स्वास्थ्य केंद्र व छह अर्बन पीएचसी प्रभावित है। 127 कर्मियों को चेतावनी नोटिस जारी किए गए हैं। सिविल अस्पताल में मरीजों की 10 से 15 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। 
- हिसार : 513 कर्मचारी हड़ताल पर हैं। मलेरिया के 52, डेंगू का 1 केस पॉजिटिव मिल चुका। स्वास्थ्य विभाग तक वेट एंड वॉच के मूड में रहा है।