केरल में कुएं में डूबने से हुई नन की मौत

तिरुवनंतपुरम, 11 सितम्बर: कोल्लम के निकट एक कानवेंट के पास के एक कुएं के भीतर मिले नन के शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सामने आया है कि उसकी मौत डूबने से हुई थी। हालांकि, उसके पेट में नेफ्थलीन की गोलियां मिली हैं, इसके अलावा उसकी दोनों कलाइयों पर कटने के निशान हैं।
नन की पहचान सुसान मैथ्यू के रूप में की गई है। रविवार को सुबह करीब नौ बजे उसका शव बरामद किया गया। मैथ्यू पत्तनपुरम के सेंट स्टीफन स्कूल में पढ़ाती थी। पत्तनपुरम राज्य की राजधानी से 80 किमी दूर है। नन का शव बाद में राज्य की राजधानी में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
माउंट टाबोर कानवेंट के कार्यकर्ताओं ने खून के निशान कुएं पर देखे। बाद में उन्हें कुएं में शव तैरता हुआ दिखा।सुसान स्कूल में 12 सालों से पढ़ा रही थी। स्कूल व कानवेंट दोनों को कोट्टायम मुख्यालय वाले मलंकारा सीरियन ऑर्थोडॉक्स चर्च द्वारा संचालित किया जाता है।
इस बीच पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है। पुलिस ने अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया है। उन्होंने कानवेंट के कुछ कर्मचारियों का बयान भी लिया है।