देश में चारों तरफ गणेश चतुर्थी की धूम

13 September, 2018, 5:07 pm

रायपुर, 13 सितंबर: छत्तीसगढ़ की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने प्रदेशवासियों को गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं दी है। राज्यपाल ने कहा कि भगवान गणेश विघ्न-विनाशक और ज्ञान एवं बुद्धि के देवता माने जाते हैं।

उन्होंने कहा कि किसी भी कार्य के शुभारंभ के लिए गणपति की पूजा की जाती है। गणेशोत्सव एक ऐसा पर्व है, जिसके माध्यम से स्वतंत्रता आंदोलन के समय से ही देशवासियों को एक सूत्र में बांधने का प्रयास किया गया था और इस कार्य में अद्भुत सफलता मिली थी।

राज्यपाल ने इस अवसर पर प्रदेश के नागरिकों के सुख-समृद्धि, शांति एवं मंगल जीवन की कामना की है।

मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा है कि हमारी महान भारतीय संस्कृति में भाद्र शुक्ल चतुर्थी के दिन विद्या और बुद्धि के देवता भगवान गणेश की पूजा का अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान है। भारतीय परिवारों में किसी भी शुभ कार्य से पहले गणेश पूजा का विधान हजारों वर्षों से चला आ रहा है।

उन्होंने कहा कि महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक ने देशवासियों में राष्ट्रीय चेतना और सामाजिक समरसता की भावना को और भी ज्यादा व्यापक बनाने के लिए महाराष्ट्र में वर्ष 1893 में सार्वजनिक गणेश उत्सवों की महान परंपरा की शुरुआत की थी।