देश के 13% हिस्से में 3 दिन में ही पूरे माॅनसून की 19% बारिश; 40 की मौत, 1500 फंसे

25 September, 2018, 11:43 am

शिमला/जालंधर/पानीपत/श्रीनगर/नई दिल्ली, 25 सितंबर: 

उत्तर भारत के कई इलाकों में शनिवार से लगातार बारिश जारी है। पंजाब, हरियाणा, हिमाचल, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में तीन दिन में ही पूरे माॅनसून की 19% बारिश हो चुकी है। हिमाचल में 128 मिमी बारिश हुई, जो कुल माॅनसूनी बारिश का 18% है। इन पांच राज्यों में बारिश की वजह से हुए हादसों में 40 लोगों की मौत हुई है।

हिमाचल में 8, हरियाणा में 7, पंजाब में 11, उत्तराखंड में 6 और जम्मू-कश्मीर में 8 मौतों की पुष्टि हो चुकी है। हिमाचल में 1600 लोग अलग-अलग जगहों पर फंसे हुए हैं। चंबा में 816 बच्चों समेत 1200 लोग फंसे हैं। इसी तरह 350 से ज्यादा लोग लाहौल-स्पीति में फंसे हुए हैं।

कुल्लू में ट्रैकिंग कर रहे आईआईटी रुड़की के 35 स्टूडेंट्स से 22 तारीख के बाद परिवारों का संपर्क नहीं हो सका है। हिमाचल में नदियों का जलस्तर बढ़ने और लैंडस्लाइडिंग की वजह से कुल्लू-मनाली हाईवे समेत 378 सड़कें पूरी तरह बंद हो गई हैं। उत्तराखंड में चार धाम यात्रा रोक दी गई है। मंगलवार शाम तक बारिश थम सकती है। चंडीगढ़ में इस बार मॉनसून में 1030 मिमी बारिश हो चकी है जो सामान्य से 201 मिमी ज्यादा है। यहां सामान्य बारिश 829 मिमी को माना जाता है।

हरियाणा में 30 लाख एकड़ में धान की आधी फसल बर्बाद हुई है। इसी तरह पंजाब में धान-कपास खराब हुई है। सरकारें नुकसान का आकलन कर रही हैं। हिमाचल सरकार ने 470 करोड़ रु. का नुकसान बताया है।

पहला: हरियाणा के ऊपर हवा का लो प्रेशर बना। दूसरा: अपर एयर साइक्लोनिक सर्कुलेशन बढ़ा। तीसरा: वेस्टर्न डिस्टरबेंस भी सक्रिय हो गया। तीनों कारकों के मिश्रण की वजह से लगातार बारिश हो रही है।