कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी पुनिया, टीएस सिंहदेव, मोहम्मद अकबर, मेयर प्रमोद दुबे सहित कई विधायक गिरफ्तार

रायपुर,25 सितंबर: जेल भरो आंदोलन के लिए राजधानी की सड़कों पर मंगलवार को दिनभर जमकर हंगामा चलता रहा। राजीव भवन से सेंट्रल जेल की ओर जाते हुए प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया, नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव, मोहम्मद अकबर, रविंद्र चौबे, महापौर प्रमोद दुबे सहित कई विधायक और पार्टी पदाधिकारी गिरफ्तार किए गए। सभी को पंडरी तराई मैदान में बनाए गए अस्थाई जेल ले जाया गया है। उधर, सिमगा से रायपुर आते हुए विधायक बृहस्पति सिंह, अरुण वोरा और डॉ. प्रीतम राम को गिरफ्तार किया गया। सेक्स सीडी कांड में सोमवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल ने गिरफ्तारी के बाद वकील लेने और जमानत लेने से इनकार कर दिया था।
-
इससे पहले जेल की ओर बढ़ रहे कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने लोधीपारा चौक और शंकर नगर चौक पर बैरिगेट्स लगाकर रोकने का प्रयास किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बैरिगेट़्स तोड़ दिए और आगे बढ़ने का प्रयास किया। इसे देखते हुए पुलिस ने उन्ळें रोकने का प्रयास किया तो जमकर झूमाझटकी हुई। वहीं महेंद्र कर्मा के बेटे बंटी कर्मा भी गिरफ्तारी देने के लिए केंद्रीय कारागार के बाहर धरने पर बैठ गए।
-
प्रदेश कांग्रेस की संयुक्त महासचिव मंजू सिंह को अकलतरा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ गिरफ्तार किया गया है। बिलासपुर में प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री अटल श्रीवास्तव और सैकड़ों कांग्रेस के कार्यकर्ता पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वहीं पत्थलगांव में पूर्व मंत्री राम पुकार सिंह और जशपुर में प्रदेश कांग्रेस के सचिव शेखर त्रिपाठी समेत बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं रात में ही पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है।
-
इसके अलावा मुंगेली, भाटापारा, बलोदाबाजार, चारामा, बालोद, पलारी, कसडोल, सिमगा, राजनांदगांव, डोंगरगढ़, दुर्ग, पाटन, से कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भी पुलिस ने पकड़ा है। रायपुर आने वाली ट्रेनों में पुलिस तलाशी अभियान चला रही है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को ट्रेन से उतारकर गिरफ्तार किया जा रहा है।
-
वहीं भाटापारा में 500 से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ता ट्रेन से उतारकर गिरफ्तार कर लिया गया। इसके अलावा तिल्दा से भी बड़े पैमाने पर गिरफ्तारी की खबर है। दुर्ग शहर विधायक अरुण वोरा को रायपुर निकलने से पहले ही पुलिस ने उनके निवास स्थान पर गिरफ्तार कर लिया है।
-
आंदोलन में शामिल होने प्रदेश कांग्रेस प्रभारी पीएल पुनिया भी रायपुर पहुंच चुके हैं। इस दौरान उन्होंने जेल पहुंचकर पीसीसी चीफ भूपेश बघेल से भी मुलाकात की। उनके साथ टीएस सिंहदेव, चरणदास महंत, सत्यनारायण शर्मा समेत कई कांग्रेसी कार्यकर्ता सेंट्रल जेल पहुंचे।
-
इससे पहले रायपुर पहुंचने पर पीएल पुनिया ने राजीव भवन में एक रणनीती बताने हुए एक बैठक ली। पुनिया ने कहा कि कांग्रेस इस मामले को लेकर अनिश्चितकालीन आंदोलन करेगी। इसको लेकर प्रदेश के सभी ब्लॉकों में कड़ा रुख अपनाते हुए विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। जेल भरो आंदोलन में भारी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं।
-
सीएम हाउस और राजेश मूणत के बंगले की बढ़ाई गई सुरक्षा
-
सेक्स सीडी कांड में पीसीसी चीफ भूपेश बघेल की गिरफ्तारी के बाद कांग्रेसियों के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए सीएम हाउस और पीडब्ल्यूडी मंत्री राजेश मूणत के बंगले की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। भूपेश बघले की गिरफ्तारी के बाद कांग्रेस आक्रामक हो गई है।