नहीं थम रहा सवालों का सिलसिला, कैप्टन के सवालिया जवाब के बाद अब श्वेत मलिक ने फिर दागे सवाल

अमृतसर/चंडीगढ़,1 अक्टूबर: मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह द्वारा भाजपा के घोषणा पत्र संबंधी किए गए सवाल का जवाब भाजपा सांसद एवं प्रदेशाध्यक्ष श्वेत मलिक ने सवालों से ही दिया है। दरअसल पहले श्वेत मलिक ने प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए थे, जिसके बाद अपनी उपलब्धियां गिनवाते हुए मुख्यमंत्री ने उल्टा भाजपा पर सवाल दाग दिया था कि हर साल दो करोड़ नौकरियां देने के भाजपा के वादे का क्या हुआ। अब श्वेत मलिक ने जवाब नहीं देते हुए उल्टा प्रदेश सरकार के डेढ़ साल का लेखा-जोखा मांग लिया।
श्वेत मलिक को चाहिए पंजाब सरकार से इन सवालों का जवाब
-
चुनावी वादे के अनुरूप क्या उनकी सरकार ने पंजाब में नशे को पूरी तरह से समाप्त कर दिया है? क्या पंजाब में जरूरत के अनुसार नशामुक्ति केन्द्र स्थापित करवाए गए हैं?
-
क्या पंजाब सरकार ने 32 लाख लोगों को नौकरियां उपलब्ध करवा दी? क्या उन्होंने चुनावी वादे के मुताबिक 12 लाख दलितों को नौकरियां उपलब्ध करवा दी हैं?
-
क्या कैप्टन की सरकार ने बेरोजगार युवाओं के लिए 2,500 रुपए का मासिक भत्ता लागू करवा दिया है?
-
क्या प्रदेश के युवाओं को 50 लाख स्मार्ट फोन वितरित कर दिए गए हैं? क्या किसानों की 90 हजार करोड़ रुपए की कर्ज माफी करवा दी है?
-
क्या नई औद्योगिक नीति के तहत उद्योगपतियों को किए गए वायदे के अनुरूप 5 रुपए प्रति यूनिट बिजली उन्हें उपलब्ध करवा दी गई है?
-
क्या प्रदेश के विभिन्न विभागों में जरूरत के अनुसार स्टाफ की भर्ती कर दी गई है और क्या सरकारी कर्मचारियों को समय पर वेतन उपलब्ध करवाया जा रहा है?
-
अपने डेढ़ वर्ष के कार्यकाल में शगुन स्कीम के तौर पर कितनी लड़कियों की शादियों पर उन्हें 51 हजार रुपए की शगुन राशि दिलवा कर यह स्कीम लागू करवाई है?
-
2017 में जारी चुनाव के पवित्र घोषणा-पत्र में किए वादे के अनुरूप अब तक कितने बुजुर्ग लोगों को 2 हजार रुपए की मासिक पेंशन लागू करवाई गई है?
-
क्या प्रदेश के लोगों को रेत, माइनिंग, शराब माफिया से निजात दिला दी गई है?