हरियाणा और रूस के बीच व्यापार की अपार संभावनाएं हैं - मुख्यमंत्री हरियाणा

हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने कहा कि रूस व भारत के मध्य निवेश व व्यापार की अपार संभावनाएं
सामने आई हैं। रूस के लोग विभिन्न क्षेत्रों में निवेश व वाणिज्य के संदर्भ में भारत के साथ संबंध बढाने के लिए अत्यंत उत्सुक हैं।
रूस की दो दिवसीय यात्रा के उपरांत स्वदेश लौटने पर नई दिल्ली में इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मीडिया से बातचीत करते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने भारतीय प्रतिनिधिमंडल की रूस की दो दिवसीय यात्रा को सफल बताया। उनहोंने कहा कि काफी क्षेत्रों में रूस द्वारा भारत में निवेश की संभावनाएं बनी हैं तथा भारत द्वारा रूस में भी काफी क्षेत्रों में निवेश की संभावनाएं बनी हैं। दोनों देशों के मध्य व्यापार की भी अपार संभावनाएं सामने आई हैं।
हरियाणा के मुख्यमंत्री ने कहा कि तेल व गैस क्षेत्र में कई समझौता ज्ञापन हुए हैं। शिक्षा, हेल्थकेयर,खनिज पदार्थ, टिंबर व कोयला तथा कुछ अन्य क्षेत्रों पर चर्चा हुई है। हरियाणा में कृषि आधारित उद्योगों के संदर्भ में भी विशेष रूप से चर्चा की गई। दोनों देशों के मध्य विभिन्न क्षेत्रों में कौशलता के आदान-प्रदान भी काफी संभावनाएं सामने आई हैं।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी सितंबर माह में ईस्टर्न इकाॅनोमिक फोरम में भाग लेने के लिए रूस जाएंगे। प्रधानमंत्री की उक्त रूस यात्रा के संदर्भ में केंद्रीय उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री श्री पीयूष गोयल के नेतृत्व में चार राज्यों के मुख्यमंत्रियों के प्रतिनिधिमंडल ने दो दिवसीय रूस यात्रा के दौरान कई क्षेत्रों में व्यापार एवं निवेश की संभावनाएं तलाशी। भारतीय प्रतिनिधिमंडल में विभिन्न क्षेत्रों के लगभग 140 उद्यमी भी शामिल थे।