"जनआशीर्वाद नहीं, प्रायश्चित यात्रा करें सीएम खट्टर" - योगेंद्र यादव

3 September, 2019, 10:53 pm

 

चंडीगढ़ ,3 सितंबर | हरियाणा में जनआशीर्वाद यात्रा कर रहे मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर पर स्वराज इंडिया ने दक्षिण हरियाणा से विश्वासघात करने का आरोप लगाया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष योगेंद्र यादव ने कहा है कि कई मोर्चों पर फेल हो चुके मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को असल में जनआशीर्वाद यात्रा नहीं प्रायश्चित यात्रा करनी चाहिए।

स्वराज इंडिया प्रदेश अध्यक्ष राजीव गोदारा ने कहा कि भाजपा द्वारा दक्षिण हरियाणा से किए तीन मुख्य वादों में से एक भी पूरा नहीं किया गया है। दक्षिण और मध्य हरियाणा के लिए हाई कोर्ट की नई बेंच गठन करने के वादे पर पूरे कार्यकाल में कोई कार्यवाई नहीं हुई है। मनेठी में एम्स की घोषणा पर सारी तैयारी होने के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है। यहाँ तक कि आम नागरिकों ने जब एम्स के लिए प्रदर्शन किया तो झूठे दावे तक कर दिए। तीसरा वादा एसवाईएल के पानी से संबंधित था जिसपर भाजपा सरकार की नीयत संदेहास्पद है। वर्ष 2014 से लेकर 2017 तक हरियाणा, पंजाब और केंद्र में जब भाजपा की सरकार थी तो एसवाईएल विवाद का समाधान हो सकता था, लेकिन राजनीतिक इच्छाशक्ति की कमी के कारण आज भी दक्षिण हरियाणा को पानी नहीं मिल रहा और एसवाईएल के नाम पर नारेबाजी होती रही।

योगेंद्र यादव ने भाजपा के वंशवाद पर प्रहार करते हुए कहा कि हरियाणा में भाजपा ने कांग्रेस के वंशवाद का अधिग्रहण कर लिया है। देशभर में वंशवाद के विरोध का दावा करने वाली बीजेपी आज दक्षिण हरियाणा में वंशवाद की सबसे बड़ी पोषक है।

मुख्यमंत्री खट्टर को जनआशीर्वाद की जगह प्रायश्चित यात्रा करने की सलाह देते हुए योगेंद्र यादव ने कहा कि जिस खट्टर सरकार ने प्रदेश के किसानों को फसल का दाम नहीं दिया, बेरोज़गारों को काम नहीं दिया, महिलाओं को सम्मान नहीं दिया, नागरिकों को कानून व्यवस्था नहीं दिया और प्रदेश को कर्ज में धकेल दिया, उसे आज आशीर्वाद मांगने का कोई नैतिक अधिकार नहीं। जनता के मुद्दों पर फेल हो चुकी खट्टर सरकार को तो असल में प्रायश्चित यात्रा निकालनी चाहिए।

स्वराज इंडिया की जनसरोकार अभियान के अंतर्गत आज योगेंद्र यादव ने पार्टी के प्रत्याशियों के साथ रेवाड़ी, धारूहेड़ा, मसानी और कोसली में सभाओं को संबोधित किया। 1 सितंबर को गुरुग्राम से शुरू हुए जनसरोकार अभियान के तहत योगेंद्र यादव 4 सितंबर को अटेली, नारनौल और दादरी में यात्रा करेंगे। यात्रा का समापन 9 सितंबर को सीएम सिटी करनाल में होगा जहाँ बेरोज़गारी के सवाल पर योगेंद्र यादव ने मनोहर लाल खट्टर को खुले संवाद की चुनौती दी है।