बिहार एनडीए में सीटों का बंटवारा कुछ हफ्ते बाद

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का कहना है कि बिहार में एनडीए के घटक दलों में सीटों के बंटवारे का फॉर्मूला चार पांच हफ्ते में आ सकता है।भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के साथ 12 जुलाई को हुई उनकी मुलाकात के बारे में एक सवाल पर नीतीश कुमार ने कहा कि हमने कई मुद्दों पर बात की थी। इनमें बिहार से जुड़े मुद्दे भी थे। पत्रकारों से बात करते हुए नीतीश ने कहा कि लोकसभा चुनाव के बारे में प्रस्ताव जल्द आएगा।इसमें कितना समय लगेगा, यह पूछने पर नीतीश बोले कि सब कुछ एकाध महीने के भीतर होगा। बिहार में एनडीए में जदयू और भाजपा के अलावा केंद्रीय मंत्री राम विलास पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी और उपेंद्र कुशवाह की रालोसपा जैसी पार्टियां भी शामिल हैं। राज्य में लोकसभा की कुल 40 सीटें हैं। पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा, लोजपा और रालोसपा साथ मिल कर लड़े थे। भाजपा 22 सीटों पर, लोजपा छह सीटों और रालोसपा तीन सीटों पर जीती थीं। तब अकेले लड़ी जदयू मात्र दो ही सीटें जीत पाई थी। इस हार के बाद उसने महागठबंधन में शामिल होकर राजद और कांग्रेस से मिल कर 2015 का विधानसभा चुनाव लड़ा था और भारी सफलता हासिल की थी। नीतीश कुमार ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की कथित मुस्लिम पार्टी वाली टिप्पणी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत भाजपा के कई अन्य नेताओं की कड़ी प्रतिक्रियाओं या अन्य राजनीतिक मुद्दों से संबंधित सवालों पर कोई जवाब नहीं दिया। वे केवल इतना बोले कि दूसरे दलों में लोग क्या कहते हैं, इस पर वे टिप्पणी नहीं कर सकते।